जम्मू। केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में अब चार डिप्लोमा कोर्स ऑनलाइन करवाए जाएंगे। अगस्त से शुरू हो रहे सत्र से धर्म-विज्ञान, योग, भारतीय संस्कृति की धरोहर और पीजी डिप्लोमा इन हिंदी अनुवाद विषय की पढ़ाई ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यम से करवाई जा सकती है। इसके लिए विद्यार्थी दाखिला शुल्क अदा कर ऑनलाइन पढ़ाई कर डिप्लोमा प्राप्त कर सकते हैं। हिंदी अनुवाद में पीजी डिप्लोमा के लिए विश्वविद्यालय लिखित परीक्षा लेगा।
विश्वविद्यालय ने प्रदेश में पहली बार इस तरह का पहल की है, इससे छात्रों को केवल पुस्तकों का ज्ञान ही प्राप्त नहीं होगा बल्कि धर्म और संस्कृति के बारे में जानने का भी मौका मिलेगा। ऑनलाइन का फायदा विवि के विद्यार्थियों के साथ-साथ देश भर के छात्रों को भी मिलेगा। यूनिवर्सिटी के डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. रसाल सिंह ने बताया कि कोरोना काल से मुक्ति के बाद ही ये पाठ्यक्रम ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन भी पढ़ाए जाएंगे। हालांकि एक ही पाठ्यक्रम को दोनों माध्यमों से संचालित करना चुनौतिपूर्ण रहेगा। विश्वविद्यालय को इसके लिए काफी तैयारी करनी होगी और इंफ्रास्ट्रक्चर को भी विकसित करना होगा।