जम्मू। कंज्यूमर वेलफेयर एसोसिएशन (सीडब्ल्यूए) ने सरकार से कोरोना संकट के बीच एक फरवरी से स्कूल खोलने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। स्कूलों में खासतौर पर 8वीं तक के बच्चों में सामाजिक दूरी और दूसरे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाना मुश्किल है।
एसोसिएशन की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए ईआर एसके गुप्ता ने कहा कि स्कूल खोलने से बच्चों में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा हो सकता है। प्रदेश के कई जिले कोरोना महामारी से प्रभावित हैं। रोजाना कई नए संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। कोविड वैक्सीन आने से कुछ राहत मिली है, लेकिन पहले चरण में अभी फ्रंटलाइन वर्र्कर्स चिकित्सा कर्मियों को ही वैक्सीन दी जा रही है, जिसमें आम लोगों को वैक्सीन मिलने में कई महीने लग सकते हैं। ऐसे में विशेषतौर पर 12 साल की उम्र तक के बच्चों को बाहर निकालना उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकता है। आठवीं कक्षा तक के बच्चे ऐसी परिस्थितियों से अंजान रहते हैं। स्कूल प्रशासनों द्वारा बच्चों में सामाजिक दूरी का पालन करवाना काफी मुश्किल है। स्कूल के भीतर और बाहर सामूहिक तौर पर बच्चों में ऐसे हालात गंभीर हो सकते हैं। इसके लिए बच्चों में सामूहिक तौर पर बच्चों की आवाजाही उनकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि कम से कम आठवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए कुछ आगामी समय तक अभी स्कूल बंद रखे जाएं।