बिश्नाह। कस्बे में सफाई कर्मचारियों ने वीरवार को भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर कस्बे में मार्च निकाला। सफाई कर्मचारियों ने सरकार से स्पष्ट तौर पर तीन प्रमुख मांगें की हैं। इनमें दैनिक वेतनभोगियों को नियमित पक्का करना, पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करना और ठेकेदारी प्रथा को तत्काल प्रभाव से बंद करना शामिल हैं।
सफाई कर्मचारियों के काम बंद करने के कारण बिश्नाह कस्बे में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। मुख्य बाजार में कचरा जमा होने से दुकानदारों और खरीदारी के लिए आने वाले स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़ते कचरे से उठ रही बदबू के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने का खतरा बढ़ गया है। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांगें रख रहे हैं लेकिन सरकार और प्रशासन लगातार उनकी अनदेखी कर रहा है। सफाई कर्मचारियों ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि आने वाले कुछ दिनों के भीतर सरकार ने हमारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो सफाई कर्मचारी अपने प्रदर्शन को और तेज करेंगे।