स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह ने सांबा व विजयपुर अस्पताल का औचक दौरा किया। उन्होंने डाक्टरों को जरूरी निर्देश देते हुए ईमानदारी के साथ काम करने के लिए कहा। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने कहा कि अस्पतालों में रात को डाक्टर रुकें और मरीजों को सही सुविधाएं दें।
एक्सीडेंटल अस्पताल विजयपुर व जिला अस्पताल सांबा की वार्डों का भी दौरा किया। विजयपुर में उन्होंने कहा कि रात के समय भी डाक्टर तैनात रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि जम्मू रेफर करने की आदत भी छोड़नी होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल के अधिकारियों से कहा कि वह साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की भी लापरवाही को बख्शा नहीं जाएगा। इसी दौरान स्थानीय लोगों का शिष्टमंडल भी स्वास्थ्य मंत्री से मिला।
उन्होंने जिला अस्पताल सांबा में स्टाफ की कमी पूरी करन,े पूरी तरह से सुविधाएं देने की मांग की। शिष्टमंडल ने मंत्री को मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने मांग की यहां पर ब्लड बैंक नहीं है। इसलिए ब्लड बैंक जल्द से जल्द खोला जाना चाहिए। वहीं जिला अस्पताल के पास ही पशु चिकित्सालय है, जिसका लोगों को कोई लाभ नहीं है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि इस अस्पताल को पूरी तरह से अब जिला अस्पताल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो कमियां हैं वह जल्द दूर की जाएंगी। इस अवसर पर स्थानीय विधायक डा. देवेन्द्र कुमार मन्याल, सीएमओ डा. करतार चंद सहित अन्य लोग मौजूद थे।