तहसील के करोल कुमोत लिंक रोड पर मंगलवार दोपहर को एक डम्पर (टिप्पर) चिनाब दरिया में गिर गया। टिप्पर सवार तीन स्कूली बच्चों की मौत हो गई जबकि एक दरिया में लापता हो गया।
हादसे में तीन बच्चे और चालक मनमोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी बच्चे एक ही गांव के रहने वाले हैं। हादसे में मारा गया एक बच्चा व लापता बच्चा टिप्पर चालक का है। लापता बच्चे की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करोल से कुंडी की तरफ एक टिप्पर जा रहा था। उसमें सात स्कूली बच्चे सवार थे जो स्कूल से घर लौट रहे थे। करोल इलाके में ही कुछ दूरी तय करने के बाद टिप्पर चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और टिप्पर 100 फीट गहरी खाई में गिरने के बाद चिनाब नदी में डूब गया।
इस हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा एक बच्चा चिनाब नदी में जा गिरा और लापता हो गया। जबकि तीन बच्चे व चालक गंभीर से रूप घायल हो गए।
उन्हें आसपास के लोगों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से शाम को एक बच्ची ज्योति की बिगड़ती हालत को देखते हुए जीएमसी रेफर कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, मंजीत सिंह (7) पुत्र लोहर सिंह व पूजा देवी (14) की मौके पर मौत हो गई। गौरव सिंह (16) पुत्र मनमोहन सिंह ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि अजय सिंह (17) पुत्र मनमोहन सिंह चिनाब नदी के तेज बहाव में बह गया है।
चालक समेत तीन का इलाज स्थानीय अस्पताल में
गंभीर रूप से घायल ज्योति देवी (14) पुत्री प्रदीप सिंह को जीएमसी रेफर किया गया है, जबकि सरोपा देवी (9) पुत्री प्रदीप सिंह, कमलेश कुमारी (15) पुत्री धर्म सिंह और चालक मनमोहन सिंह (50) सभी निवासी कुंडी करोल का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।