किश्तवाड़ जिले में डुल हस्ती पन बिजली परियोजना एक की तर्ज पर फेज दो का काम आने वाले महीनों में शुरू हो सकता है।
इस प्रतिष्ठित परियोजना के पूरा होने के बाद रियासत के अलावा देश के कई हिस्सों में बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डुल हस्ती पन बिजली परियोजना चरण एक की उत्पादन क्षमता 390 मेगावाट की है।
यह परियोजना रन द वाटर स्कीम पर आधारित हैं और यहां से उत्पादन होने वाली बिजली से जम्मू कश्मीर रियासत के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान , दिल्ली और केंद्रीय शासित प्रदेश चंडीगढ़ को भी उत्तरी ग्रिड के माध्यम से मुहैया होती है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद डा. जितेंद्र सिंह का कहना हैं कि किश्तवाड़ जिले में डुल हस्ती पावर प्रोजेक्ट एक की तर्ज पर फेज दो का काम इस साल शुरू हो सकता है।
उनका कहना हैं कि इस संबंध में जरूरी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। परियोजना शुरू होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मुहैया होंगे और परियोजना पूरी होने के बाद बिजली के क्षेत्र में रियासत को बड़ी राहत मिलेगी।