विजयपुर। बाजार में यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए शेड नहीं होने के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बाजार के आसपास स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल स्थित हैं, साथ ही यहां से होकर लोग सांबा, जम्मू क्षेत्र और अन्य सरकारी कार्यालयों तक आते जाते हैं।
बाजार में खरीदारी करने वालों और राहगीरों की हमेशा भीड़ बनी रहती है, लेकिन यात्री शेड न होने के कारण धूप और बारिश में लोगों को असुविधा होती है। कई बार तो लोगों को दुकानों के आगे खड़े होकर छाया लेनी पड़ती है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों के बीच तकरार की स्थिति भी बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है प्रशासन को जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए।
विजयपुर क्षेत्र के अमन गुप्ता, रोहित कुमार और देस राज ने बताया कि विद्यार्थियों और यात्रियों को मंजिल तक पहुंचने के लिए मेटाडोर व बसों का इंतजार करना पड़ता है। मगर यात्री शेड न होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सांबा राजेश शर्मा से विजयपुर में यात्री शेड बनाने की मांग की है। संवाद