जिला विकास परिषद के चुनाव के नतीजे 23 दिसंबर 2020 को आए थे। चुनाव के दौरान बड़ी-बड़ी बातें की गईं और जिला विकास परिषद के बहुत अधिकार देने के वादे सरकार की तरफ से हुए थे। लेकिन छह महीने गुजर जाने पर अभी तक कार्यालय ही नहीं खुल पा रहे हैं।
प्रदेश में जिला विकास परिषदों के कामकाज में कोरोना काल के चलते स्थिरता नहीं आ पाई है। जम्मू व श्रीनगर जिला समेत प्रदेश के कई जिलों में अभी कार्यालय तक नहीं खुल पाए हैं। ऐसे में जिला विकास परिषद की बैठक तक नहीं हो पा रही है।
विज्ञापन
जिला जम्मू की बात करें तो उदयवाला स्थित राजस्व परिसर के भवन में डीडीसी का कार्यालय खोलने पर मुहर लगने के बाद भी अभी तक न तो पूरी तरह से कार्यालय को तैयार किया जा सका है और न ही इस दिशा में प्रशासनिक तैयारी चल रही है।
हालांकि, जम्मू संभाग के उधमपुर और कठुआ जिले में परिषद के कार्यालय खुल चुके हैं। कश्मीर में भी परिषदों का कामकाज कछुआ चाल से ही चल रहा है। श्रीनगर जिले में अभी तक कार्यालय नहीं खुल पाया है। यही हाल कश्मीर के अन्य जिलों का भी है।
विज्ञापन
जम्मू में जिला विकास परिषद का कार्यालय खुलने में हो रही देरी के सवाल पर जिला विकास परिषद के अध्यक्ष भारत भूषण का कहना है कि उदयवाला में कार्यालय में रिपेयरिंग का काम ही अभी तक पूरा नहीं हुआ है। कोरोना काल कार्यालय खुलने में देरी की एक बड़ी वजह है। इस वजह से परिषद की बैठक तक नहीं हो पा रही है।