जम्मू शहर के बाहु फोर्ट थाना के अंतर्गत आते ड्रग तस्करी के हाॅट स्पाॅट राजीव नगर में ऑपरेशन संजीवनी के तहत 13 नशा तस्करों पर कार्रवाई कर केंद्रीय जेल में भेजा गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी नशे के कारोबार में संलिप्त हैं।
कुछ नशा तस्करों पर पहले भी एनवीपीएस के तहत केस दर्ज हैं। साथ ही वे चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते थे। इस कारण आरोपियों को 15 दिन की अवधि के लिए जेल भेजा गया है। ये अपराधी बाहु फोर्ट पुलिस स्टेशन के राजीव नगर इलाके के रहने वाले हैं और इलाके में ड्रग्स और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल पाए गए हैं।
कई लोगों के खिलाफ पहले से एनडीपीएस अधिनियम के तहत अलग-अलग केस दर्ज हैं और वे अभी भी अवैध गतिविधियों में शामिल हैं। क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने नशीली दवाओं की तस्करी में उनकी संलिप्तता की सूचना दी थी। यहां तक कि खुफिया सूचनाएं मिली थीं कि ये संभावित दवा आपूर्तिकर्ता हैं, जो खतरा पैदा कर रहे हैं। इसके अलावा लोकसभा चुनाव 2024 प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।
इन पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने रॉकी, विनय, मिशाल उर्फ कालू रोहित, संगीता, अरुण, हिना, रीना, अरुण, विशाल, तोतू, पूजा और रंजना कुमारी पर कार्रवाई की है और इन सभी को जेल भेज दिया है।
जागरूक करने को अभियान चला रही पुलिस
नशीली दवाओं और मादक द्रव्यों के सेवन के खिलाफ क्षेत्र के स्थानीय लोगों के लिए सड़क जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पुलिस ने ऐसे ड्रग तस्करों की पहचान प्रक्रिया में तेजी लाई है और कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। जम्मू में ड्रग तस्करी को बढ़ावा देने वाली ताकतों के खिलाफ काम करने के लिए पुलिस पूरीताकत, दृढ़ विश्वास और संकल्प काम कर रही है।