नशा मुक्त अभियान के तहत जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने नशे के सौदागरों के खिलाफ छेड़े गए नशा मुक्त अभियान के तहत शनिवार को जिला प्रशासन ने बिश्नाह विधानसभा के गांव स्मैलपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित नशा तस्कर करण शर्मा के दो मंजिला अवैध मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
एसडीएम साउथ मनुस हंसा के नेतृत्व और तहसीलदार बिश्नाह अंकुश त्रिपाठी की मौजूदगी में अंजाम दी गई। इस कार्रवाई के दौरान, एसएचओ बिश्नाह और एसएचओ गंग्याल के नेतृत्व में पुलिस बलों ने सुरक्षा का कड़ा घेरा बनाए रखा, जिससे समूची प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच हुई इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है, जिसने स्थानीय स्तर पर नशा तस्करों के हौसलों को पस्त करने के लिए प्रशासन के सख्त रुख को स्पष्ट कर दिया है।