संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। गांव कोटली शाह दौला स्थित सड़क किनारे बने शिव मंदिर में बीती रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर में रखे सोने के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर के ताले टूटे हुए और दानपात्र टूट होने के साथ अन्य सामान बिखरा देखा, जिसके बाद चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामला दर्ज करते मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू करने पर दो युवक शिव पार्वती की मूर्तियों के आभूषण उतार समेट रहे थे। गौरतलब है कि पहले भी शिव मंदिर में चोरी की घटना घटने पर मंदिर प्रबंधन की और से सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। गांव की पंचायत के पूर्व सरपंच बद्रीनाथ शर्मा ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि पुलिस को रात के समय विशेष कर इंदिरा नगर से आरएस पुरा तक गश्त लगानी चाहिए ताकि क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह को काबू किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों ने धार्मिक स्थल में हुई चोरी की घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की।