- डीसी ने नशा विरोधी अभियान को तेज करने के दिए निर्देश
- समितियों से जुड़ी सदस्यों को उपमंडल स्तर पर किया प्रशिक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जिले में नशा तस्करी पर नजर रखने के लिए 1670 महिला समितियों का गठन किया गया है। डीसी अभिषेक शर्मा ने नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को कोटरंका की विभिन्न पंचायतों में महिला निगरानी समितियों के साथ बैठकें की। उन्होंने नशा के खिलाफ लड़ाई को तेज करने के निर्देश दिए।
समितियों में शामिल महिला सदस्यों को प्रशिक्षित करने के लिए उपमंडल स्तर पर सत्र करवाए जा रहे हैं। कोटरंका में भी समितियों के प्रभावी संचालन के लिए सत्र करवाया गया है। इस पहल का उद्देश्य नशे पर अंकुश लगाने के लिए जमीनी स्तर पर निगरानी को मजबूत करना और समुदाय की भागीदारी बढ़ाना है। विभिन्न पंचायतों की महिलाओं ने बैठकों में भाग लिया। अपने-अपने क्षेत्रों में नशे से जुड़ी गतिविधियों की पहचान कर उनकी सूचना देने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। एडीसी कोटरंका दिलमीर ने समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने समिति सदस्यों से सतर्क रहने और प्रशासन तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
प्रतिभागियों को नशे की लत में पड़े व्यक्तियों, परिवारों और इससे समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। दरहाल और नौशेरा में बैठकें की गईं। इनमें डीसी अभिषेक शर्मा और एसएसपी गौरव सिकरवार उपस्थित रहे। उन्होंने समिति सदस्यों के साथ बातचीत की। जिला प्रशासन ने सभी पंचायतों में सतत जनसंपर्क, जागरूकता कार्यक्रमों और समुदाय आधारित पहलों के माध्यम से नशा मुक्त अभियान को और तेज करने की प्रतिबद्धता दोहराई। माैके पर एएसपी वजाहत, सीडीपीओ हन्नान शॉल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।