जिले के उपजिला मेंढर में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर स्थित बालाकोट सेक्टर में रविवार देर रात संदिग्ध ड्रोन देखा गया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
नियंत्रण रेखा के पास आसमान में ड्रोन देखे जाने पर ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस और सुरक्षाबलों के अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस और सीआरपीएफ टीमें तत्काल इलाके में पहुंचीं और सोमवार दोपहर बाद तक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी में कुछ नहीं मिला। सूत्रों के अनुसार बालाकोट, लंजोट और गुरसाई नाला क्षेत्र में लोगों ने पाकिस्तानी ड्रोन देखा। हालांकि सेना ने इसकी अभी पुष्टि नहीं की है। बता दें कि पिछले कुछ समय से नियंत्रण रेखा के पार से हथियार तथा नशीली दवाइयां गिराने के लिए ड्रोन के इस्तेमाल की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है। इसके चलते सुरक्षाबलों ने नियंत्रण रेखा के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। गत वर्ष सुरक्षाबलों ने पाकिस्तानी ड्रोन एवं ड्रोन से गिराए जाने वाले हथियारों आदि की जानकारी देने वालों को तीन लाख रुपये देने की घोषणा की थी।