अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से सटे एक गांव में सोमवार को लावारिस ड्रोन मिलने से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना ने पहुंचकर छानबीन की। बाद में पता चला चला कि यह सेना का ड्रोन था।
इसके बाद सुरक्षाबलों ने राहत की सांस ली। आईबी पर हीरानगर सेक्टर में ड्रोन के जरिये तस्करी का मामला सामने आने के बाद पूरी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के साथ ही अन्य सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।
यह भी पढ़ेंः पर्यटकों के लिए कल से खुलेंगे जम्मू-कश्मीर के द्वार, बेहद खूबसूरत हैं घाटी के ये स्थान
सोमवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे फ्लायं मंडाल इलाके के बुटाई चक गांव में ड्रोन के पड़े होने की ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। आईबी के जरिये ड्रोन से हथियारों और ड्रग्स की तस्करी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया।
इसके बाद तत्काल टीम ने पहुंचकर उसे अपने कब्जे में लिया। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि यह ड्रोन अंतरराष्ट्रीय सीमा के माध्यम से पाकिस्तान से आया था, लेकिन बाद में जांच में पता चला कि यह सेना के स्वामित्व वाला ड्रोन था। नियमित अभ्यास के ट्रैक भटक जाने के बाद इसकी बैटरी खत्म हो गई थी। इसके बाद वह गांव में गिर गया।
गत 20 जून को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कठुआ जिले के रठुआ गांव के पास बीएसएफ ने पाकिस्तान की ओर से भेजे गए हेक्साकॉप्टर ड्रोन को मार गिराया था। इस पर अमेरिका निर्मित एम-4 कारबाइन, छह चीनी ग्रेनेड, पिस्टल आदि लदा हुआ था। हथियारों की यह खेप इस पार आतंकियों के लिए भेजी गई थी।