जम्मू संभाग में अखनूर के गरोटा इलाके में एक ड्रोन मिला है। कुछ स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में एक ड्रोन देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद एसएचओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ड्रोन को कब्जे में ले लिया। एसएचओ घरोटा ख्याति मान खजुरिया ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि वह ड्रोन सीआरपीएफ कैंप बनतालाब का निकला। किसी भी तरह का कोई भी खतरा नहीं है।
इससे पहले बीते महीेने जम्मू के सांबा सेक्टर में पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया था। जिसे बीएसएफ के जवानों ने फायरिंग कर खदेड़ दिया था। पाकिस्तान द्वारा लगातार जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ करने की कोशिश की जा रही है। जिसे बॉर्डर पर तैनात बीएसएफ के जवानों द्वारा रोकने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना से ठीक एक दिन पहले भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर सांबा के बैनगलाड क्षेत्र में बीएसएफ ने घुसपैठ को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया था।
बता दें कि पाकिस्तान कोविड-19 का फायदा उठाकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में है। इसलिए बॉर्डर और एलओसी पर हर तरफ से ड्रोन के जरिए हथियार फेंकने की कोशिश की जा रही है, ताकि आतंकियों तक हथियार पहुंचाए जाएं। पाकिस्तान ड्रोन का इस्तेमाल हथियार और मादक पदार्थ गिराने के लिए करता रहा है।
यह भी पढ़ें- गलवां के शहीदों को सलाम: सेना ने कहा- सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का देश सदा आभारी रहेगा