दोमाना। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कानाचक इलाके में सोमवार देर रात साढ़े 11 बजे ड्रोन की गतिविधियां देखी गईं। हालांकि, इसमें लाइट न होने के कारण यह सीमा पार कर काफी अंदर तक घुस आया था। ड्रोन की आवाज सुनकर बीएसएफ ने दो फायर किए। इसके बाद ड्रोन नहीं दिखा। बताते हैं कि ड्रोन से एक लिफाफा भी गिराया गया है। सूचना मिलते ही पूरे इलाके में देर रात तक तलाशी अभियान चलाया गया।
बताते हैं कि बाबा तालाब के पास सोमवार देर रात 11.30 बजे ड्रोन देखा गया। ड्रोन से लिफाफा गिराए जाने की सूचना पर कानाचक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने उस जगह को कब्जे में लेकर सर्च अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की टीम ने सामान को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि ये ड्रोन कानाचक सीमा पार से आया था। एसडीपीओ सुनील सिंह, एसडीपीओ वरुण जंडियाल, एसएचओ कुनाल सिंह जमवाल, एसएचओ राजेश खजूरिया और कुछ और भी थाना प्रभारियों के मौके पर पहुंचे की सूचना है।
ज्ञात हो कि पाकिस्तान की ओर से इन दिनों ड्रोन की गतिविधियां बढ़ गई हैं। अभी कुछ दिन पहले ही कठुआ इलाके में एक ड्रोन को मार गिराया गया था। इससे स्टिकी बम तथा ग्रेनेड बरामद किया गया था। अरनिया में भी कई बार ड्रोन को फायरिंग कर खदेड़ा गया है।