कटड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे डीआरएम निरीक्षण करते हुए फोटो रेलवे
जम्मू। डीआरएम जम्मू विवेक कुमार वीरवार को जब कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो उन्हें वहां पर मानकों के अनुरूप सफाई नहीं दिखी।
रेलवे स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर कहीं गंदगी पड़ी दिखाई दी तो कहीं पर ठीक से सफाई नहीं की गई थी। पीने के पानी की भी समुचित सुविधा नहीं थी।
रेल यात्रियों की सुविधाओं का निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम जम्मू ने यात्रियों की सुविधा में कई कमियां देखीं। इस पर उन्होंने कड़ा संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत इन्हें दूर करने का निर्देश दिए। उनका स्पष्ट निर्देश रहा कि यात्रियों की सुविधाओं को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जानी चाहिए।
डीआरएम ने कटड़ा रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एस्केलेटर, टिकट खिड़की और यात्री प्रतीक्षालय की जांच की। उन्होंने साफ-सफाई पर खासा जोर देने को कहा। स्टेशन पर खानपान के स्टालों की भी जांच की। दुकानदारों को तय रेट लिस्ट पर खाद्य वस्तुओं की बिक्री करने के निर्देश दिए।
डीआरएम ने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन पर आवागमन करने वाले यात्रियों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नियमित निगरानी करने की जरूरत है। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध वाटर एटीएम व सार्वजनिक नल की भी जांच की।