आरएस पुरा। पंचायत गंडली में शनिवार को तहसीलदार ने घर-घर जाकर लोगों को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और डोमिसाइल प्रमाणपत्र वितरित किए। तहसीलदार सुभु शाद ने कहा कि सरकार लोगों के घर द्वार तक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और सरकारी योजनाओं को जमीन स्तर पर लागू करना मुख्य मकसद है। तहसीलदार ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय गंडली का भी दौरा किया और विद्यार्थियों व शिक्षकों के साथ बातचीत की। उन्होंने स्कूल के कामकाज पर संतोष जताया।
पंचायत के सरपंच गुरदीप सिंह सैनी ने ग्रामीणों को घर-घर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रशासन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य गंडली पंचायत को एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करना है, जहां लोगों को सभी बुनियादी सुविधाएं और सेवाएं घर के दरवाजे पर मिलें। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पंचायत के लोगों से किए गए सभी वादों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं का लाभ उठाएं।