परगवाल। 18 डोगरा रेजिमेंट के पूर्व सैनिकों ने पलटन का 44वां रेजिंग डे मनाया। इस मौके पर पंजाब, हिमाचल और जम्मू कश्मीर के पूर्व सैनिक देशभक्ति और पंजाबी गीतों पर जमकर झूमे।
बटालियन के इतिहास और बटालियन में बिताए पलों को साझा कर पूर्व सैनिक जोश से भर उठे। बाबा तालाब के शिव पैलेस में आयोजित समारोह की शुरुआत में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पलटन का इतिहास दोहराया गया। रिटायर कैप्टन गोपाल शर्मा ने बताया कि 18 डोगरा की स्थापना एक मार्च 1981 में हुई थी। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में आतंकवादियों के साथ लोहा लेते हुए बटालियन ने वर्ष 1999 में एक अशोक चक्र, एक कीर्ति चक्कर, एक शौर्य चक्र और पांच सेना मेडल एक ही ऑपरेशन में हासिल किए थे।
उन्होंने बताया कि उनकी बटालियन दूसरे प्रतिस्पर्धा में भी कई पदक जीत चुकी है। इस मौके पर रिटायर कैप्टन आरएस बडवाल, रिटायर्ड सूबेदार सौदागर सिंह, रिटायर्ड कैप्टन गोपाल दास, रिटायर्ड कैप्टन सुमित सिंह, कैप्टन बलवीर सिंह, कैप्टन प्रीतम सिंह और सूबेदार मुल्कराज समेत बड़ी संख्या में बटालियन जुड़े पूर्व सैनिक और उनके परिवार के सदस्य शामिल थे।