ज्यौड़ियां। गांव ढांगरी (कलीठ) में स्थिति बीएमके ईंट भट्ठे से बीते शनिवार देर शाम खौड़ प्रशासन ने बच्चों सहित कुल 34 बंधुओं मजदूरों को मुक्त करवाया। बताया जा रहा है कि ईंट भट्ठे के मालिक ने इन मजदूरों को छत्तीसगढ़ से बुलाया था और उनसे जबरन काम करवाया जा रहा था। इन मजदूरों को न पैसा और न ही खाना दिया जाता था। एसडीएम खौड़ सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि ढांगरी में बीएमके नामक ईंट भट्ठे पर भट्ठे के मालिक की तरफ से मजदूरों से जबरन मजदूरी करवाई जा रही है। उनको भरपेट खाना भी नहीं दिया जा रहा है, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं। इस पर तहसीलदार खौड़ रंजीत सिंह और ज्यौड़ियां पुलिस ने ईंट भट्ठे पर पहुंच कर मामले की जांच की। मजदूरों ने अधिकारियों को आपबीती सुनाई। इस पर तहसीलदार खौड़ रंजीत सिंह ने सभी बंधुआ मजदूरों को मुक्त करवाया। ईंट भट्ठे के मालिक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सभी श्रमिकों को बच्चों सहित संबंधित पुलिस चौकी ज्यौड़ियां को आगे की देखभाल और प्रत्यावर्तन के लिए सौंप दिया गया है। संवाद