- पीएसीएस के कंप्यूटरीकरण और कैपेक्स बजट की समीक्षा, धीमी गति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
- दो महीने में किसान समृद्धि केंद्र और जन औषधि केंद्रों के लंबित लक्ष्य पूरे करने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सहकारिता विभाग की आयुक्त सचिव यशा मुदगल ने मंगलवार को सिविल सचिवालय में विभागीय योजनाओं, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने और बजट का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि पहले चरण में 537 प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पीएसीएस) का कंप्यूटरीकरण कर उन्हें ई-पीएसीएस प्लेटफॉर्म पर संचालित किया जा रहा है। दूसरे चरण के लिए 171 समितियों की पहचान की गई है। आयुक्त सचिव ने पहले चरण की सभी समितियों में डिजिटल लेनदेन सुनिश्चित करने और दूसरे चरण का काम तय समय में पूरा करने को कहा।
-
दो महीने में लंबित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश
बताया गया कि 535 पीएसीएस कॉमन सर्विस सेंटर, 174 प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र और 45 प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के रूप में काम कर रही हैं। यशा मुदगल ने दो महीने में किसान समृद्धि और जन औषधि केंद्रों के लंबित लक्ष्य पूरे करने तथा इनकी व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ाकर आय के स्थायी स्रोत विकसित करने के निर्देश दिए।
-
अनाज भंडारण परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर
बैठक में बताया गया कि कुपवाड़ा के तुर्कपोरा में 2500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का निर्माण 70 प्रतिशत और कुलगाम के मिरहामा में 65 प्रतिशत पूरा हो चुका है। कठुआ के राजबाग में 1000 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम का काम 80 प्रतिशत पूरा हुआ है। आयुक्त सचिव ने इन परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कैपेक्स बजट 2026-27 के कार्यों में प्रशासनिक मंजूरी और टेंडर प्रक्रिया तेज करने, सहकारी बैंकों की ऋण वसूली सुधारने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने पर भी जोर दिया।