डॉक्टर से मारपीट का मामला..उप जिला अस्पताल में पुलिस चौकी बनाने की भी मांग, विधायक के आश्वासन पर काम पर लौटे
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। उप जिला अस्पताल अखनूर में रविवार रात डॉ. राकेश डोगरा के साथ मारपीट के विरोध में सोमवार सुबह अस्पताल के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने विरोध प्रदर्शन किया। कामकाज ठप रखा गया। ढाई घंटे ओपोडी सेवाएं बंद रहीं। इससे दूर-दराज से आए मरीज परेशान हुए। विधायक के आश्वासन पर करीब साढ़े 12 बजे डॉक्टर काम पर लौटे।
डॉक्टरों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक उन्हें सुरक्षा का भरोसा नहीं दिया जाएगा, तब तक वे सेवाएं बहाल नहीं करेंगे। प्रदर्शन के चलते अस्पताल पहुंचे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोमवार होने के कारण अस्पताल में सामान्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या अधिक थी, लेकिन ओपीडी बंद होने से उन्हें इलाज नहीं मिल पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अखनूर के विधायक मोहन लाल ने प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों से फोन पर बात की। उन्होंने डॉक्टरों को उनकी सुरक्षा को लेकर आश्वस्त करते हुए भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधायक के आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करते हुए दोपहर करीब 12:30 बजे से ओपीडी सेवाएं पुनः शुरू कर दीं। वहीं, डॉक्टरों और स्टाफ ने प्रशासन से अस्पताल परिसर में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
दोनों हमलावर गिरफ्तार, केस दर्ज
वहीं, पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजीव चिब ने बताया कि डॉक्टर राकेश डोगरा की शिकायत पर बीएनएस की धारा 132, 115(2), 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है।