विजयपुर। आम आदमी पार्टी के जम्मू कश्मीर के संगठन मंत्री प्रदीप मित्तल ने वीरवार को कस्बा विजयपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। पूर्व मंत्री एवं नेता आम आदमी पार्टी यशपाल कुंडल के आवास पर बैठक हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जिला स्तर पर टीम बनाने, आगमी विधानसभा चुनाव की तैयारी हेतु विशेष चर्चा की।
इस दौरान मित्तल ने बताया कि पंजाब में मिली प्रचंड जीत के बाद अब जम्मू में भी जन-जन को आम आदमी पार्टी से अपनापन का एहसास कराने हेतु जनसंपर्क अभियान किया जायेगा। बैठक में जिला सांबा की तीनों विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक हुई। जिसमें तीनों विधानसभा में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम करने का आह्वान किया। प्रदीप मित्तल ने कहा कि परिसीमन की रिपोर्ट आ गई है, जिसके बाद अब साल के आखिरी तक जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने के आसार है। लिहाजा हमें जमीनी स्तर पर काम करना है और लोगों को विश्वास दिलाना है की आम आदमी पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो सभी जात, धर्म, के लोगों को एक साथ लेके चलती है।