शिरोमणि अकाली दल के चीफ आर्गेनाइजर एस महिंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश से फिर से राज्य बना देना चाहिए। प्रदेश की नौकरियां प्रदेश के लोगों को ही मिलनी चाहिए। भारत इस्राइल से अलग है यहां हर समुदाय के लोग एक साथ रहते हैं।
क्षत्रिय राजपूत सभा के अध्यक्ष नारायण सिंह जमवाल ने कहा कि विस्थापित समुदाय के लोगों ने कश्मीर को तब छोड़ा था जब उनकी जान को खतरा था। उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने पर ही उनका पुनर्वास होना चाहिए। ब्राह्मण संसार संगठन के डॉ. रामचंद्र शर्मा ने कहा कि देश एकजुट है। यहां सभी समुदायों के लोग एक साथ रहते हैं। यहां की तुलना किसी अन्य देश से नहीं की जा सकती।
महावाणिज्यदूत संदीप चक्रवर्ती ने कश्मीरी पंडितों के समूह की मौजूदगी वाले निजी समारोह में कहा था ‘वे जल्द ही घाटी में लौट सकते हैं, क्योंकि जब इस्राइली लोग ऐसा कर सकते हैं, हम भी ऐसा कर सकते हैं।’ इस दौरान उन्होंने ‘इस्राइली मॉडल’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा ‘ मुझे यकीन है कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा से जुड़े हालात सुधरेंगे।’