केंद्रीय वार्ताकार दिनेश्वर शर्मा ने जम्मू कश्मीर के तीसरे दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को आतंकग्रस्त कुपवाड़ा में दो दर्जन प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी नब्ज टटोली। वहीं अलगाववादियों समेत कुछ संगठनों ने वार्ताकार का बायकाट भी किया।
दिनेश्वर ने भटके कश्मीरी युवाओं से हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की।वार्ताकार से मुलाकात करने वालों में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, छात्र, सिख समुदाय के लोग, युवा, सिविल सोसायटी, फल कारोबारी आदि शामिल थे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने घाटी में अफस्पा हटाने की बात कही, जबकि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने सियासी बंदियों को रिहा करने और उन पर चल रहे मुकदमे हटाने की मांग उठाई। केंद्रीय वार्ताकार ने प्रतिनिधिमंडलों की मांगों को केंद्र के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
वार्ताकार दिनेश्वर से मुलाकात का व्यापार मंडल बारामुला, बार एसोसिएशन बारामुला और अलगाववादियों ने बायकाट किया। व्यापार मंडल बारामुला के अध्यक्ष अशरफ गनेई ने कहा कि हमें कश्मीर मुद्दे पर नहीं है, बल्कि लोगों के कल्याण, विकास और भलाई करने का काम मिला है। बार एसोसिएशन बारामुला के अध्यक्ष अब्दुल सलाम राथर ने वार्ताकार का बायकाट कर कहा कि केंद्र का यह प्रयास व्यर्थ है।