जम्मू जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते डीआईजी स्रोत पुलिस
- श्रीधर पाटिल ने 60 और 90 दिन से लंबित मामलों के जल्द निपटारे के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू जिले में अपराध और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने निगरानी और कार्रवाई बढ़ाने पर जोर दिया है। मंगलवार को डीआईजी जम्मू श्रीधर पाटिल ने सुरक्षा एवं अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें ओजीडब्ल्यू, हिस्ट्रीशीटरों और यूएपीए-एनडीपीएस मामलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अपराध रोकने के लिए खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
बैठक में 60 और 90 दिन से लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। डीआईजी ने जांच की प्रभावी निगरानी करते हुए लंबित मामलों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को रोकथाम और खुफिया सूचना आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिया। ई-समन और ई-साक्ष्य के इस्तेमाल की प्रगति की भी समीक्षा की।
अधिकारियों को जांच प्रक्रिया में इन तकनीकी माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा। ओजीडब्ल्यू और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के साथ उनका डाटाबेस अद्यतन रखने के निर्देश दिया।
बैठक में हाईवे, रेलवे और सीमा सुरक्षा ग्रिड की तैयारियों की समीक्षा की। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत रखने पर जोर दिया गया। बैठक में एसएसपी जम्मू जोगिंद्र सिंह, एसपी नाॅर्थ, एसपी साउथ, एसपी मुख्यालय और एसपी ग्रामीण मौजूद रहे।