बरसात का मौसम शुरू होते ही पहाड़ी इलाकों को डायरिया ने अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। बीते दो दिन में ही महानपुर से सटे चनेरा गांव में दर्जनों ऐसे मामले सामने आए हैं।
बुधवार को जहां महानपुर पीएचसी और चनेरा सब सेंटर में मरीजों का तांता लगा रहा, वहीं वीरवार को भी लगातार मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। इन अस्पतालों में अब तक करीब 60 मरीज दाखिल करवाए जा चुके हैं।
इतने ही अन्य लोगों के डायरिया से ग्रस्त होने का अंदेशा जताया जा रहा है। मामले बढ़ने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने बिलावर से डाक्टरों की टीम को बुधवार रात ही चनेरा सब सेंटर में भेज दिया है।
इसके साथ ही विभाग ने गांव के घर-घर में क्लोरिन बंटवाकर लोगों को जागरूक करने की दिशा में काम तेज कर दिया है। वीरवार को चनेरा पहुंची पीएचई विभाग की टीम ने आसपास की छह बावलियों से पानी के सैंपल भरे। इसके साथ ही गांव में की गई पानी सप्लाई के भी सैंपल भरे गए हैं।
बुधवार शाम से चनेरा और आसपास के गांव में अचानक लोगों को डायरिया की शिकायत के बाद अचानक दर्जनों मरीजों को सब सेंटर में भर्ती करवाया गया। कुछ मामलों को महानपुर पीएचसी ले जाया गया।
सूचना मिलते ही बिलावर से दो डाक्टर स्पेशल ड्यूटी पर चनेरा पहुंच गए। सब सेंटर सीनियर फार्मासिस्ट रूपिंद्र डोगरा ने बताया कि बुधवार रात पैंतीस और वीरवार को तेरह नए मामले सामने आए हैं।
बावलियों का दूषित पानी पीने से एक साथ दर्जनों लोगों को डायरिया के लक्षण पाए गए हैं। कुछ का इलाज जारी है, जबकि अन्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।