घाटी के युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के लिए पाकिस्तान सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहा है जो एक बड़ी चुनौती है। हालांकि पुलिस और अन्य सुरक्षा बल मिलकर इन चुनौतियों से सफलतापूर्वक पहले से निपटते आ रहे हैं।
यह बात जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में भ्रमण पर आए सिकंदराबाद एयर वार फेयर कॉलेज के प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने में जुटा हुआ है उसने बड़ी संख्या में आतंकवादियों को सीमा पार लांचिंग पैड पर तैनात कर रखा है। घाटी में सुरक्षा बलों के बीच आपसी तालमेल बहुत सौहार्दपूर्ण है इस बात की तस्दीक गृहमंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी करते हैं।
डीजीपी ने दल को पुलिस को पेश आने वाली चुनौतियों और योजनाओं के बारे में बताया। कहा कि पुलिस महकमा कई वार फेयर योजनाओं पर भी काम कर रहा है।
हम सरकार और अपने फंड की मदद से आतंकी घटनाओं में शहीद और घायल होने वाले जवानों और उनके परिवारों का ख्याल रखते हैं। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने में हमें लोगों का भी सहयोग मिलता है। एआईजी मुबसिर लतीफी ने इससे पहले दल को पुलिस के कामकाज की जानकारी दी।
वार फेयर कालेज के कमांडेंट और एयर वाइस मार्शल सूरज कुमार झा ने पुलिस के कामकाज की जानकारी देने के लिए डीजीपी का आभार प्रकट किया। इस मौके पर एडीजीपी बी श्रीनिवास, एसजेएम जिलानी, मुनीर खान और आईजी कश्मीर एसपी पाणी भी मौजूद रहे।