श्रीनगर के जकूरा इलाके में अपनी ड्यूटी से वापस लौट रहे जवानों के काफिले पर शुक्रवार को हुए आतंकी हमले के बाद आज सशस्त्र सीमा बल की महानिदेशक अर्चना रामासुंदरम् आज श्रीनगर पहुंचेंगी । एसएसबी की महानिदेशक जकूरा में सेना के जवानों पर हमले की जगह का दौरा करेंगी । इस दौरान डीजी सुरक्षा व्यवस्था के विषय पर शीर्ष अधिकारियों से बातचीत भी करेंगी ।
गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में एक बार फिर शुक्रवार देर शाम आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए हमला किया था । इस हमले में सशस्त्र सीमा बल का एक जवान शहीद हो गया था जबकि 8 अन्य जवान घायल हो गए थे । घायल हुए एसएसबी के इन जवानोें का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है ।
जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के जकूरा इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात जवान अपनी ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने उनके काफिले को निशाना बनाकर हमला किया। हमले के बाद से ही आतंकियों की तलाश के लिए पूरे इलाके को घेर कर सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।