गणतंत्र दिवस पर सीमा पर तैनात जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए सीमा सुरक्षा बल के डायरेक्टर जनरल केके शर्मा बुधवार को जम्मू पहुंचे। उन्होंने खराब मौसम के बीच अरनिया और सांबा की फारवर्ड पोस्टों का दौरा कर जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। वह नई दिल्ली के समारोह की बजाय जवानों का हौसला बढ़ाने यहां पहुंचे हैं।
जवानों से मुलाकात कर शर्मा ने कहा कि खराब मौसम में भी 24 घंटे देश की रक्षा के लिए डटे हुए हैं। उन्होंने जवानों को सरहद पर डटकर मुकाबला करने पर बल दिया। उन्होंने सभी बटालियन मुख्यालयों में 15 कमरों वाला गेस्ट हाउस बनाने के लिए 184 करोड़ रुपये की राशि जारी की।
उन्होंने कहा कि जवान अपने बच्चों से दूर रहते हैं। इसलिए जवानों के बच्चों के लिए ऑनलाइन कोचिंग शुरू की गई है। जहां उनकी शिक्षा संबंधी समस्याओं को हल किया जाएगा। जवानों को फिट रहने के लिए हर रोज योग की नसीहत दी।