नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा
- फोटो : फाइल, अमर उजाला
नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में नेकां पूर्ण बहुमत से अपने दम पर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि नेकां के बैनर तले राज्यवासियों को मजबूत, स्थिर और जिम्मेदार सरकार दी जाएगी। राणा गुरुवार को शेर-ए-कश्मीर भवन जम्मू में मादर-ए-मेहरबान बेगम शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की 19वीं पुण्यतिथि पर हुए एक दिवसीय महिला अधिवेशन में बोल रहे थे। इस दौरान दो मिनट का मौन रखा गया।
राणा ने कहा कि लोगों की मांग पर नेकां बेहतर शासन, युवाओं को रोजगार, तीनों खित्तों का समान विकास, कल्याणकारी योजनाओं को अमल में लाने, गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने, खासतौर पर महिलाओं को सामाजिक आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने के लिए काम करेगी। पूर्व नेकां सरकार ने जनता के बीच जाकर रिकार्ड काम किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया है और यह मादर-ए-मेहरबान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। महिला विंग की संभागीय प्रधान सतवंत कौर डोगरा ने कहा कि मादर-ए-मेहरबान एक मां के रूप में थीं और उन्होंने लोगों के कल्याण के लिए काम किया।
महिलाओं को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम योगदान दिया। इस मौके पर एमएलसी ठाकुर कश्मीरा सिंह, बिमला लूथरा, रशीदा बेगम, कुलदीप कौर, अमृत वर्षा, सोमा देवी, पुष्पा डोगरा, दलजीत शर्मा अजय कुमार सडोत्रा, सुरजीत सिंह सलाथिया, शेख बशीर अहमद आदि मौजूद रहे।