सांबा। सीमावर्ती गांव सारथी को जोड़ने वाले मार्ग पर बब्बर नाले के क्षतिग्रस्त पुल का नौ माह बाद पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक चरण में करीब 75 लाख रुपये का फंड जारी हुआ है। इससे प्रोटेक्शन वॉल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। परियोजना के लिए कुल 6.75 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। विभाग के एईई अभिनाश ने बताया कि जैसे-जैसे फंड उपलब्ध होता जाएगा वैसे-वैसे निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
पुल को जल्द ही पूरी तरह से तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। सारथी निवासी अवतार सिंह, संदीप सिंह ने अधिकारियों से पुल की मरम्मत में गुणवत्ता का ख्याल रखने की मांग की है। संवाद