- यूटी स्तरीय समिति के साथ पीएमयू का गठन
- अवंतीपोरा, बिश्नाह, कटड़ा और पट्टन में कार्यक्रम प्रस्तावित
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश में नक्शा (राष्ट्रीय भू-स्थानिक ज्ञान-आधारित भूमि सर्वेक्षण) पायलट कार्यक्रम के कार्यान्वयन और समीक्षा निगरानी के लिए यूटी स्तरीय समिति व प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) का गठन किया गया है। पीएमयू के तहत यूटी की चार यूएलबी (अर्बन लोकल बाॅडीज) में नक्शा कार्यक्रम चलेगा। इसमें अवंतीपोरा, बिश्नाह, कटड़ा और पट्टन में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
समिति की गतिविधियों में भूमि स्रोत विभाग,भारत सरकार के अधीन कार्यान्वयन की प्रगति और प्रगति का पता लगाया जाएगा। इसमें फील्ड सर्वे टीमें गठित होंगी। पीएमयू के लिए तकनीकी श्रमशक्ति की व्यवस्था की जाएगी। इसमें राजस्व विभाग सारी गतिविधियों के लिए नोडल विभाग के रूप में काम करेगा। नक्शा का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में भूमि रिकॉर्ड बनाना है। यह कार्यक्रम डिजिटल इंडिया भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम (डीआईएलआरएमपी) का हिस्सा है। यूटी स्तरीय समिति में मुख्य सचिव जेएंडके को चेयरमैन, आयुक्त सर्वे व भूमि रिकार्ड जेएंडके को सदस्य सचिव बनाया गया है।
-
समिति में ये सदस्य होंगे शामिल
समिति के सदस्यों में प्रशासनिक सचिव वित्त विभाग, प्रशासनिक सचिव सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, प्रशासनिक सचिव आवास व शहरी विकास विभाग, प्रशासनिक सचिव योजना विकास व निगरानी विभाग, प्रशासनिक सचिव राजस्व विभाग, आईजी पंजीकरण जेएंडके शामिल हैं।
पीएमयू में आयुक्त सर्वे व भूमि रिकाॅर्ड जेएंडके को संयोजक बनाया गया है। सदस्यों में वित्त विभाग, आवास व शहरी विकास विभाग (अतिरिक्त सचिव तक) के प्रतिनिधि, निदेशक वित्त/मुख्य अकाउंट अधिकारी राजस्व विभाग, आईटी विभाग/जेएकईजीए से प्रतिनिधि, तहसीलदार अवंतीपोरा, बिश्नाह, कटड़ा, पट्टन, संबंधित यूएलबी के कार्यकारी अधिकारी, प्रोजेक्ट कार्डिनेटर, रिमोट सेंसिंग विश्लेषक और डेटा एंट्री ऑपरेटर आदि होंगे। इस संदर्भ में सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त सचिव एम राजू की ओर से एक आदेश जारी किया गया है।