संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। लखनपुर से पुल डोडा को जोड़ने वाले सैद्धांतिक रूप से मंजूर नए हाईवे पर जल्द पर्यटकों को अब पांच सितारा होटल की सुविधा मिलने जा रही है। राजस्व विभाग की ओर से इसके लिए 76 कनाल जमीन चिह्नित कर परियोजना सरकार को मंजूरी के लिए भेज दी गई है।
बनी-भद्रवाह सड़क किनारे बेहतरीन होटल बनने से यहां पर्यटन को पंख लगना तय है। कायदे से क्षेत्र से सटे हिमाचल के चंबा और डल्हौजी जाने वाले पर्यटकों को इस रूट से चिनाब वैली और फिर घाटी तक आकर्षित करने की योजना है।
दरअसल बसोहली में अटल सेतु बनने से पहले ही चिनाब घाटी तक नया पर्यटन सर्किट बनाए जाने का काम शुरू हो गया था, लेकिन हिमाचल पंजाब की सीमा दुनेरा से सटे अटल सेतु के बनने के बाद सरकार की योजना चंबा पठानकोट हाईवे से डलहौजी, खजियार और चंबा जाने वाले पर्यटकों को जम्मू कश्मीर में आकर्षित करने की रही है। इसके तहत विकास प्राधिकरणों की ओर से कई ढांचे यहां तैयार किए गए। लेकिन बावजूद इसके पर्यटकों के लिए बेहतरीन सुविधाएं न होने की कमी हमेशा ही खलती रही है।
अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद जिले में उद्योग के साथ साथ निजी व्यवसायों को भी बढ़ावा दिया गया है। ऐसे में इस परियोजना को भी पीपीपी मोड के लिए तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसी सरथल ऑल वेदर कनेक्टिविटी के तहत सड़क संपर्क से भी पूरी तरह से जुड़ जाएगा। प्रशासन की ओर से सरथल में पहले विंटर फेस्टिवल के साथ पर्यटकों को गर्मी के अलावा सर्दियों में आकर्षित करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। राजस्व विभाग के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि सरथल में जमीन चिह्नित कर प्रपोजल भेजा जा चुका है।