अधिकारियों के साथ बैठक करते सलाहकार बसीर अहमद खान।
जम्मू। उपराज्यपाल के सलाहकार बसीर अहमद खान ने जम्मू रोपवे में महामाया बिंदु पर बच्चों के लिए गेमिंग और मनोरंजन सुविधाओं देने पर जोर दिया है। उन्होंने अधिकारियों को प्रवेश और निकास बिंदुओं पर कवर्ड वॉकवे का निर्माण करवाने के निर्देश दिए। सलाहकार ने बुधवार को नागरिक सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जम्मू महामाया रोपवे परियोजना में अतिरिक्त कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में रेस्तरां के निर्माण, बच्चों के लिए हॉल, कवर्ड वॉकवे, सेल्फी प्वाइंट, आर्ट एवं म्यूरल्स, क्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रबंध निदेशक, केबल कार कारपोरेशन ने सलाहकार को बताया कि रेस्तरां की सुविधा के लिए पहले ही जमीनी कार्य किया जा रहा है। सलाहकार ने मंडलायुक्त और प्रबंध निदेशक सीसीसीएल को प्रगति की निगरानी करने और रेस्तरां को जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त जम्मू संजीव वर्मा ने बताया कि महामाया में हॉल के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान की गई है। सलाहकार ने औपचारिकताओं को पूरा करके तीन दिन के भीतर टेंडरिंग की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। सलाहकार ने एमडी, सीसीसीएल को निर्देश दिया कि जम्मू कश्मीर की संस्कृति और स्थानीय कला को दर्शाने के लिए सभी दीवारों को चित्रित किया जाए। क्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण के लिए सलाहकार ने आयुक्त सचिव, फ्लोरीकल्चर को प्रबंध निदेशक, केबल कार कारपोरेशन लिमिटेड के परामर्श से पांच दिन के भीतर डीपीआर को अंतिम रूप देने और अगले 15 दिन के भीतर काम शुरू करने का निर्देश दिया। सजावटी पौधे, भू निर्माण और भूमि के आकर्षक डिजाइन सौंदर्यीकरण का हिस्सा बनाए जाएं।