जम्मू। प्रधानमंत्री विकास पैकेज के वित्त पोषित अखनूर से भलवाल के 14.3 किलोमीटर सड़क मार्ग के कार्य को जुलाई तक मुकम्मल कर लिया जाएगा। जम्मू रिंग रोड में भूमि अधिग्रहण के मामलों को एक सप्ताह के भीतर सुलझा लियाजाएगा। मंडलायुक्त जम्मू संजीव वर्मा ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माणाधीन जम्मू रिंग रोड के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि राया मोड़, तरोरे, बिश्नाह, मीरां साहिब, मढ़, अखनूर, भलवाल और जगती क्षेत्र में निर्माण कार्यों में गति लाई जाए। प्रोजेक्ट निदेशक एनएचएआई मनीश बकारिया ने जम्मू रिंग रोड प्रोजेक्ट पर पावर प्वाइंट प्रस्तुति दी। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रोजेक्ट में गति लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। इसके अलावा मंडलायुक्त ने जम्मू संभाग में बैक टू विलेज के तहत जारी कार्यों की समीक्षाकी। जिला उपायुक्तों ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिक्षा, पीडीडी, पीएचई, आरडीडी, यूडीडी, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों के प्रोजेक्टों की जानकारी दी।मंडलायुक्त ने जिला उपायुक्तों को प्राथमिकता वाले प्रोजेक्टों को गति देने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा।