कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था आज भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हो गया है। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे में शामिल तीर्थयात्रियों का स्वागत किया गया।
इस जत्थे में श्रद्धालुओं के अलावा जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह और बीजेपी में राष्ट्रीय महासचिव राम माधव भी शामिल हुए।
स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए तीर्थयात्रियों ने कहा कि हम इंतजामों और सुरक्षा व्यवस्था से खुश हैं
भगवती नगर आधार शिविर से पहलगांव रुट पर रवाना हुए पहले जत्थे में 1904 श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें 1554 पुरुष और 330 महिलाएं और 20 बच्चे शामिल हैं। यात्रा में 36 बस और 25 छोटे वाहन शामिल हैं।
जम्मू के बेस कैम्प से भारी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना हुआ है। इस जत्थे में 1091 लोग रवाना हुए हैं। जिनमें 780 पुरुष और 190 महिलाएं जबकि एक 1 बच्चा व 120 साधु शामिल हैं। यात्रा में 21 बस, 27 छोटे वाहन और 4 मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
भगवती नगर आधार शिविर बाबा भोले के भक्तों से गुलजार हो गया है। बाबा के जयघोष से पूरा इलाका गूंज रहा है। पूरे आधार शिविर और आस पास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
दक्षिण कश्मीर स्थित हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन के लिये अब तक दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।
यात्रा का समापन रक्षा बंधन पर 26 अगस्त को होगा। पिछले साल 2.60 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई थी।
28 जून से यात्रा शुरू होगी। पहली बार यात्रा में शामिल होने वाले सभी वाहनों की ट्रैकिंग होगी। इसके लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ) टैग वाहनों पर लगाए जाएंगे। सीआरपीएफ का मोटरसाइकिल दस्ता भी सुरक्षा में सक्रिय रहेगा।