रियासी। तलवाड़ा में रह रहे राजौरी से आए विस्थापितों को छह माह से राशन नहीं मिला है, जिस कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को जगदेव सिंह की अध्यक्षा में हुई माइग्रेंट एक्शन कमेटी की बैठक में राशन नहीं मिलने पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर रोष जताया गया। इस मौके पर कहा गया कि विस्थापितों को दिसंबर में राशन मिला था, जिसके बाद लॉकडाउन में किसी ने भी सुध नहीं ली है। इस दौरान लोगों ने कई बार विभाग से राशन की मांग उठाई, लेकिन उसे दरकिनार किया गया।
कमेटी के अन्य सदस्यों ने कहा कि प्रशासन और विभाग विस्थापितों के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार कर रहा है। मौजूदा समय में ज्यादातर विस्थापित दिहाड़ी भी नहीं लगा पा रहे हैं, जिस कारण दो जून की रोटी का जुगाड़ भी नहीं हो पा रहा है। विस्थापित अन्य लोगों से मांग कर गुजारा करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या के संदर्भ में डीसी से मिलेंगे, ताकि जल्द कदम उठाया जा सके।