श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पिछले काफी समय से 4जी इंटरनेट पर लगाए प्रतिबंध के चलते लोगों के साथ विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में श्रीनगर की एक 5वीं कक्षा की बच्ची हिबा ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में इन दिक्कतों को साझा किया।
श्रीनगर के हैदरपोरा इलाके की रहने वाली और प्रेजेंटेशन कान्वेंट स्कूल की छात्रा हिबा ने कहा कि उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने के पीछे एक ही मुख्य उद्देश्य है कि उन्हें अवगत कराया जा सके कि कश्मीर में लोगों को पिछले काफी समय से इंटरनेट की सुविधा से वंचित रखा गया है। केवल 2जी ही चल रहा है जिसकी स्पीड कम होने से काफी दिक्कत आ रही है। हिबा ने बताया कि उनके स्कूल ने लॉकडाउन के चलते ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की हैं लेकिन इंटरनेट की स्पीड न होने के चलते वह लॉगिन नहीं कर पाई। मैं प्रधानमंत्री से यह कहना चाहती हूं कि हमारा 4जी अभी चालू नहीं हुआ है जिसके चलते हम अपने कई काम नहीं कर पाते हैं। हम ऑनलाइन सहायता भी नहीं ले पाते हैं जिससे काफी मुश्किल हो रही है। इसलिए अपील है कि जल्द 4जी बहाल किया जाए।