जम्मू। जम्मू में कोरोना से लगातार बिगड़ते हालात के बीच हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने प्रदेश में फिर से दो सप्ताह के लॉकडाउन की वकालत की है। साथ ही लचर स्वास्थ्य सुविधाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए कटड़ा के नारायणा अस्पताल को कोविड अस्पताल घोषित करने की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिनव शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को पदाधिकारियों की हुई बैठक में कहा गया कि दिनोंदिन हालात बदतर होते जा रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं का भी घोर अभाव है। प्रदेश में 58 हजार से अधिक मरीज हो गए हैं। आशंका है कि सामुदायिक संक्रमण की स्थिति उत्पन्न हो गई है। खासकर जम्मू संभाग में पिछले कुछ दिनों से भारी संख्या में मरीज सामने आ रहे हैं। मौतों की संख्या भी बढ़ी है। वक्ताओं ने कहा कि जीएमसी समेत तमाम कोविड अस्पताल मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। चिकित्साकर्मी भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। इसलिए लोगों की जान बचाने के लिए और कोविड अस्पताल खोले जाने की जरूरत है।
बैठक में बार एसोसिएशन ने मांग की कि कटड़ा के नारायण अस्पताल समेत जम्मू संभाग के सभी निजी चिकित्सालयों को कोविड अस्पताल घोषित किया जाए ताकि इस बीमारी पर प्रभावी ढंग से अंकुश पाया सके। साथ ही नारायणा अस्पताल को केवल वीआईपी के लिए नहीं बल्कि आम लोगों के लिए भी खोला जाए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि में और प्रशासनिक क्वारंटाइन सेंटर स्थापित किए जाएं ताकि स्थिति से निपटा जा सके।