जम्मू। जम्मू प्रोविंस टूरिस्ट टैक्सी ऑपरेटर्स फेडरेशन ने टैक्सियां चलाने की मांग उठाई है। इसी मसले को लेकर प्रतिनिधिमंडल सलाहकार आरआर भटनानगर से मिला और समस्याओं को रखा। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि जल्द टैक्सियों को चलाया जाए। मौजूदा समय में काम-धंधा बंद पड़ा है। घर का खर्च निकालना मुश्किल हो गया है। आरोप है कि सरकार ने एक तरफ सरकारी बसें चला दीं, इनमें सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बसों में 35 से ज्यादा सवारियां बिठाई जा रही है। टैक्सियां चलाकर उन्हें राहत दी जाए। चालकों ने कहा कि टूरिस्ट टैक्सी को अपग्रेड कर एप बेस टैक्सी सुविधा दी जाए। इस साल टैक्स माफ किया जाए। टोकन टैक्स, यात्री टैक्स समेत अन्य टैक्स भी सरकार माफ करे। मौजूदा समय में टैक्सी चालकों के पास अदा करने के लिए पैसे नहीं हैं।
कारोना संक्रमण के चलते अन्य खर्चों को भी माफ किया जाए और टैक्सी चलाने की अनुमति दी जाए। आईएसबीटी नरवाल में जेडीए की ओर से मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाए। इस मौके पर अध्यक्ष अचल सिंह, महासचिव गुरदीप सिंह और अन्य मौजूद रहे।