अहमदाबाद की साबरमती नदी की तर्ज पर बनने वाले तवी रिवर फ्रंट के काम के लिए जम्मू डेवलपमेंट अथारिटी ने अतिरिक्त बजट की डिमांड एशियन डेवलपमेंट बैंक से की है। इसके लिए जेडीए ने 400 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बैंक को भेजा है। मौजूदा समय में जेडीए के पास 150 करोड़ की राशि जमा है। इस राशि में काम करवाने के लिए कोई भी कंपनी आगे नहीं आ रही है।
तवी रिवर फ्रंट कुल दस किलोमीटर बनना है। पहले चरण में चौथे पुल से लेकर डीसी कार्यालय (साढ़े तीन किमी) तक काम शुरू होगा। वहीं दूसरे चरण में डीसी कार्यालय से नगरोटा तक काम होगा। तवी रिवर फ्रंट बनने से पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा। साढ़े तीन किलोमीटर तवी रिवर फ्रंट में पहले प्रोटेक्शन दीवार लगाई जानी है। इसमें दस फुट पैदल रास्ता तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही सुंदर पार्क बनेंगे। यहां पर फूल और पौधे लगाए जाएंगे। इस बीच एक रिटेनिंग दीवार भी लगाई जाएगी। नदी किनारे शापिंग मॉल, होटल और रेस्टोरेंट का निर्माण भी होगा। पार्क में काफी शॉप, लाइब्रेरी, बुक शॉप, फूड कार्नर भी बनाएं जाएंगे।
पर्यावरण विभाग और खनन विभाग से एनओसी लेने के लिए प्रक्रिया जारी है। पहले एनओसी के लिए अप्लाई किया गया था। इसमें कुछ खामियों को पूरा करने को कहा गया था। जेडीए ने कमियों को ठीक कर दोबारा एनओसी के लिए अप्लाई किया है।
तवी रिवर फ्रंट के निर्माण के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक से बजट की डिमांड की गई है। इसके लिए चार सौ करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होने के बाद काम शुरू किया जाएगा। कम बजट में कंपनियां काम करने को तैयार नहीं हैं। राविंद्र सिंह, एसई, जेडीए