जम्मू। मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ वेयर हाउस नेहरू मार्केट का दौरा कर कारोबारियों की समस्याओं को सुना। व्यापारियों ने साफ-सफाई सहित अन्य मुद्दों को उठाया।
कारोबारियों ने मेयर और वार्ड-19 के पार्षद अमित गुप्ता से मांग की कि बाजार में दो शौचालय बदहाल हैं, उनकी सफाई और मरम्मत के साथ अन्य चार स्थानों केसी मार्केट, शिव मार्केट, नेहरू मार्केट और वेयर हाउस में आधुनिक शौचालय स्थापित किए जाएं। क्षेत्र में चिंताजनक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए अलग से ट्रकों के लिए पार्किंग उपलब्ध करवाई जाए। तवी नदी और वेयर हाउस के बाहर खुले क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से एलईडी/हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएं। सड़क किनारे निकासी और नालों की मरम्मत करवाई जाए। वेयर हाउस में तांगा स्थल की खस्ता हालत के चलते प्री-फेबरिकेटेड ढांचा तैयार किया जाए। इस दौरान वेयर हाउस फेडरेशन के पदाधिकारी रतन लाल गुप्ता, धीरज महाजन, मुनीश महाजन, दीपक गुप्ता, विशाल गुप्ता, यशपाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।