गुरदासपुर से जम्मू तक गैस पाइपलाइन बिछाने के काम पर इसी माह फैसला लिया जाएगा। यह बात केंद्रीय आवास व शहरी मामलों और पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
जंतर मंतर में पहलवानों पर कानूनी कार्रवाई पर पुरी ने कहा कि प्रदर्शन करना सही है, लेकिन जब नए संसद भवन का उद्घाटन हो रहा था तब कुछ राजनीतिक तत्वों ने पहलवानों को उकसाया और पुलिस ने कानून के तहत ही काम किया। इस दौरान सह प्रभारी आशीष सूद, सांसद जुगल किशोर शर्मा, महासचिव देवेंद्र कुमार मनियाल आदि मौजूद रहे।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर पुरी ने कहा कि देश में भाजपा शासित राज्यों में तेल की कीमतें कम है, क्योंकि उन्होंने वैट हटा दिया है। जबकि अधिकांश वही राज्य शोर कर रहे हैं जहां गैर भाजपा सरकार है और उन्होंने खुद वैट नहीं हटाया है।
2004 से 2014 तक कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में पेट्रोल -डीजल के दाम को कम करने के लिए आयल बांड जारी किए थे, जिसका खामियाजा आगे की पीढ़ी को भुगतना पड़ रह है। यह मूर्खता नहीं अपराध है। दुनिया के मुकाबले देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें न्यूनतम हैं। देश में प्राकृतिक गैस की जरूरत को 50 प्रतिशत बाहर से पूरा किया जाता है।
केंद्रीय मंत्री पुरी ने कहा कि कांग्रेस ने देश में रेवड़ियां बांटने वाले मॉडल को अपनाकर जनता को बेवकूफ बनाया। कांग्रेस की तर्ज पर आम आदमी पार्टी ने भी इस मॉडल को अपनाया। कर्नाटक में अभी शुरुआत हुई है, पंजाब में आम आदमी पार्टी ने कोशिश की है।
पंजाब पहले ही भारी कर्ज में डूबा हुआ है। निशुल्क बिजली का भुगतान देश में कर भरने वाले नागरिकों को ही करना पड़ता है। यह सारी प्रक्रिया किसी न किसी के खाते में तो जाएगी।
भाजपा के जनसंपर्क अभियान के तहत जम्मू पहुंचे पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों को गिनाया। कहा, जम्मू-कश्मीर में विकास को नई गति मिली है। सड़क व पुलों का विस्तार हुआ है। बनिहाल-काजीकुंड सड़क व पुल देश की सबसे लंबी परियोजना है।
अब तक सरकार ने 1500 किमी सड़क, सौ पुल जम्मू संसदीय क्षेत्र में बनाए हैं। एम्स जैसा प्रतिष्ठित संस्थान बन रहा है। दस नए अस्पताल और सौ नए क्लीनिक बनाए गए हैं। जम्मू में रोजगार पर्यटन स्थलों का विस्तार किया गया है।