जम्मू। जीएमसी जम्मू में उपचाराधीन दो महिलाओं सहित तीन लोगों की वीरवार को मौत हो गई है। इनमें दो महिलाएं सड़क हादसे में घायल हुईं थीं, जबकि एक व्यक्ति झुलसने के बाद उपचाराधीन था।
जानकारी के अनुसार सांबा निवासी नैंसी देवी बुधवार को बाइक से गिरकर घायल हो गई थी, जिसके बाद उसे जीएमसी में भर्ती करवाया गया था। वीरवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, सतवारी निवासी गुड्डी देवी को चट्ठा के पास बाइक ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसे जीएमसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर, जीएमसी में किश्तवाड़ निवासी सावन भंडारी की मौत हो गई। वह कुछ दिन पहले घर में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गया था। पुलिस ने तीनों के शव का पोस्टमार्टम कर परिवार को सौंप दिया है।