दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड के मीर बाजार इलाके के एक गांव से पुलिस ने बुधवार को एक 33 वर्षीय गैर-स्थानीय मजदूर का शव बरामद किया है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को स्थानीय लोगों ने गैसीपोड़ा गांव के एक मकान में किसी का शव पड़ा देख संबंधित पुलिस थाने को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
मृतक की पहचान नेपाल निवासी कृष्ण लाल साधु के बेटे लालवा साधु के रूप में की गई है। बताया गया कि वह कश्मीर में मजदूरी का काम करता था और दिल का दौरा पड़ने के कारण उसकी मौत हो गई।
मीर बाजार के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) मोहम्मद हुसैन ने बताया कि सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामले की जांच शुरू कर दी गई है।