रियासी। जिला विकास परिषद (डीडीसी) एवं पंचायत उप चुनाव के लिए नामांकन का सिलसिला वीरवार को भी जारी रहा। भमाग ब्लॉक से जहां भाजपा प्रत्याशी एवं 2014 में विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे सराफ सिंह नाग ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
वहीं, माहौर से नेकां नेता एवं पूर्व शिक्षा मंत्री अब्दुल गनी मलिक ने पर्चा भरा है। इसके साथ ही माहौर में कुल सात और गुलाबगढ़ से 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। अभी तक जिजबगली से किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया है। जानकारी के अनुसार डीडीसी और पंचायत उपचुनाव को लेकर जिले में सियासत गरमा गई है। वीरवार को भमाग ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी सराफ सिंह नाग ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर सांसद जुगल किशोर शर्मा, जिला प्रधान शील मगोत्रा, पूर्व राज्यमंत्री अजय नंदा, म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब रहे कि सराफ सिंह नाग 2014 में विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं और लगभग दो हजार मतों से हार कर दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा माहौर से नेकां नेता एवं पूर्व शिक्षा मंत्री अब्दुल गनी मलिक ने परचा भरा है।