राज्यपाल एनएन वोहरा के दिशा-निर्देशों के बाद कश्मीर डिवीजन में चार जिलों में जिला उपायुक्तों ने आधिकारिक वेबसाइटों पर बाढ़ संबंधित सूचना को अपलोड कर दिया है। अन्य जिला उपायुक्तों को 24 जनवरी तक दिशा-निर्देशों पर अमल करने को कहा गया है। वीरवार को कश्मीर डिवीजन के मंडलायुक्त ने राज्यपाल को दिशा-निर्देशों पर हो रही कार्रवाई की जानकारी दी।
राज्यपाल को सौंपी एक्शन टेकन रिपोर्ट में मंडलायुक्त ने बताया कि कुलगाम, बडगाम, बांडीपोरा और बारामुला में जिला उपायुक्तों ने दिशा-निर्देशों पर अमल कर लिया है। अन्य जिलों के जिला उपायुक्तों को भी 24 तक अमल करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर नगर निगम और लेक एंड वाटर वे डेवलपमेंट अथारिटी ने आज तक बिल्डिंग मंजूरी से संबंधित 64 फीसदी और 60 फीसदी मामलों का निपटारा कर दिया है।
ऐसे मामलों का निपटारा करने के लिए दस दिनों का समय निर्धारित किया गया है। मंडलायुक्त ने राज्यपाल को जानकारी दी कि शेर-ए-कश्मीरी कृषि विज्ञान और तकनीकी विश्वविद्यालय कश्मीर के कुलपति ने मिलावटी कीटनाशकों की बिक्री से संबंधित शिकायतों की जांच को उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है।
कमेटी दस दिनों में अपनी रिपोर्ट सौैंपेंगी। वहीं श्रमिकों की दिहाड़ी को तय करने के लिए जम्मू कश्मीर के श्रम आयुक्त ने विभिन्न स्टेक होल्डरों के साथ बैठकों का सिलसिला शुरू किया हुआ है।