आधुनिक बागवानी तकनीक, फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन की सीखेंगे बारीकियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला उपायुक्त सांबा आयुषी सूदन ने गुरुवार को घगवाल और राजपुरा ब्लॉक के 90 किसानों के प्रशिक्षण सह एक्सपोजर दौरे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौरा केंद्र प्रायोजित मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर योजना के तहत जम्मू-कश्मीर के भीतर आयोजित किया जा रहा है।
क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत जिले के कुल 550 किसानों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान दल इस पहल का दूसरा बैच है, जिसमें काफी संख्या में महिला किसान भी शामिल हैं।
इस दौरे के दौरान किसान जम्मू स्थित फूड एंड वेजिटेबल क्राफ्ट सेंटर, चांद नगर का दौरा करेंगे, जहां वे फल एवं सब्जियों के प्रसंस्करण, उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने और वैल्यू एडिशन की आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। इसके बाद किसान मेगा फ्रूट प्लांट नर्सरी चकरोई का दौरा करेंगे, जहां उन्हें पौधा तैयार करने, फर्टिगेशन और वैज्ञानिक तरीके से बाग प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
दौरे को रवाना करते हुए डीसी आयुषी सूदन ने किसानों से अपील की कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और आधुनिक तकनीकों व वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर अपने बागों की उत्पादकता बढ़ाएं। उन्होंने महिला किसानों को वैज्ञानिक खाद्य प्रसंस्करण तकनीकों में दक्षता हासिल करने पर भी जोर दिया, ताकि घरेलू और सामुदायिक स्तर पर कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य बागवानी अधिकारी अनिल कुमार गोर्का ने किसानों को आधुनिक बागवानी पद्धतियों को अपनाने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से सीखने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिला स्तरीय विषय विशेषज्ञ रवैती रमन शर्मा ने भी किसानों को नई तकनीकी जानकारी हासिल कर अपने कृषि उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार मूल्य बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।किसानों के इस दल के साथ बागवानी विकास अधिकारी घगवाल दविंदर सिंह मौजूद हैं, जो फील्ड लर्निंग सत्रों के दौरान किसानों का मार्गदर्शन करेंगे।