महोत्सव की तैयारियों को ले डिप्टी कमिश्नर निधि मलिक ने बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। श्रावण महीने में भगवान शिव की धर्मस्थली श्री शिवखोड़ी धाम में बम-बम भोले के जयघोष गूंजेंगे। शिवखोड़ी में श्रावण महाउत्सव मनाया जाएगा। 11 जुलाई को शुरू हो रहे श्रावण माह का पहला सोमवार 14 जुलाई को है।
श्रावण मास में मनाए जाने वाले महोत्सव की तैयारियों को ले डिप्टी कमिश्नर निधि मलिक ने बैठक की। महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा देने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं,पीने का पानी व बाथरूम की बेहतरीन व्यवस्था देने को कहा। बिजली व जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को मूलभूत सुविधाएं देने के आदेश दिए। ब्लॉक विकास अधिकारी पौनी को आधार शिविर रनसू,मुख्य बाजार व आस पास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा।
डीसी ने कहा कि श्रवण मास आध्यात्मिकता व सांस्कृतिक तरीके से मनाया जाए इस के लिए कांवड़ यात्रा के साथ शिव कथा व भजन संध्या भी होगी। स्थानीय गायक व कलाकार भी भगवान शिव की महिमा का गुणगान करेंगे। शिव शक्ति भवन में रोजाना हवन किया जाएगा वहीं रोजाना रुद्र अभिषेक भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त दवाइयां व ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कर मेडिकल टीम की तैनाती करने के आदेश दिए।
अग्निशमन विभाग,असिस्टेंट रिजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर,असिस्टेंट ऑफिसर फूड एंड सप्लाई को भी श्रावण मास में मुख्य व्यवस्था बनाए रखने को कहा। डीसी ने सभी अधिकारियों से महोत्सव को धूमधाम के साथ मनाने के लिए आपसी तालमेल बनाए रखने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर सुखदेव सिंह संबयाल,अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार,एडिशनल डिप्टी एसपी इफ्तिखार अहमद पर्यटन,स्वास्थ्य,लोक निर्माण विभाग,जलशक्ति,बिजली, ग्रामीण विकास विभाग,जिला सूचना विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।